नरसिंहपुर! 15 जनवरी 2026
नरसिंहपुर
जिले के तेंदूखेड़ा विधानसभा अंतर्गत ग्राम ढिलवार में प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत हाल ही में बने डामरीकरण रोड की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। सड़क निर्माण के कुछ ही समय बाद डामर उखड़ने लगा, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। हालात इतने खराब हैं कि ग्रामीणों ने अपने हाथों से सड़क की परत उखाड़कर घटिया निर्माण की पोल खोल दी।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क पर डामर की परत नाम मात्र की है, जो कच्ची मिट्टी की तरह आसानी से निकल रही है। यह कोई सामान्य तकनीकी खराबी नहीं, बल्कि खुलेआम भ्रष्टाचार का मामला प्रतीत हो रहा है। जिस सड़क को वर्षों तक चलना था, वह पहली बारिश भी नहीं झेल पाएगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि निर्माण के दौरान से ही घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायतें की जाती रहीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया। अब सड़क की हालत देखकर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एक ग्रामीण ने नाराजगी जताते हुए कहा,
“सड़क नई बनी है, लेकिन हाथ लगाने से ही उखड़ जा रही है। हमने कई बार शिकायत की, कोई सुनवाई नहीं हुई। ऐसी सड़क से तो पैदल चलना भी मुश्किल है।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की गुणवत्ता की तत्काल तकनीकी जांच कराई जाए और दोषी ठेकेदार के साथ-साथ जिम्मेदार अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस मामले में दिखावटी कार्रवाई करता है या वास्तव में भ्रष्टाचार पर लगाम लगाई जाती








