नरसिंहपुर। 5 जनवरी 2026
नरसिंहपुर पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए ट्रेक्टर-ट्रॉली चोरी की बड़ी वारदात का मात्र 48 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने दो शातिर अंतरराज्यीय चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गया ₹25.60 लाख का शत-प्रतिशत मशरूका बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 02-03 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात नर्मदा शुगर मिल की वेल्डिंग वर्कशॉप से अज्ञात चोरों द्वारा 04 नग जुगनू ट्रॉलियाँ चोरी कर ली गई थीं। मामले की रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी गाडरवारा श्री रत्नेश मिश्रा के नेतृत्व में थाना गाडरवारा एवं चौकी सालीचैका पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
जंगल में छिपाया गया था चोरी का माल
पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र एवं तकनीकी साधनों की मदद से की गई पतासाजी में पता चला कि चोरी की गई ट्रेक्टर-ट्रॉली को शातिर चोरों ने जंगल क्षेत्र में छिपाकर रखा है।
सघन सर्च अभियान में मिली सफलता
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चावलपानी रोड, ग्राम ग्वारी के पास जंगल क्षेत्र में विशेष सर्च अभियान चलाया, जहां से दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी गई ट्रेक्टर-ट्रॉली बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपी
अशोक रोकडे, निवासी ग्राम रहाडी, जिला नासिक (महाराष्ट्र)
रमजान शेख, निवासी ग्राम रहाडी, जिला नासिक (महाराष्ट्र)
बरामदगी
04 नग जुगनू ट्रॉलियाँ
घटना में प्रयुक्त 02 नीले रंग के फार्मटेक-45 ट्रेक्टर
कुल कीमत: ₹25.60 लाख
वैधानिक कार्यवाही
आरोपियों के विरुद्ध धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक विक्रम रजक, चौकी प्रभारी सालीचैका उप निरीक्षक वर्षा धाकड़, सहायक उप निरीक्षक विक्रम परमार, प्रधान आरक्षक मनोज भारद्वाज, आरक्षक जमना प्रसाद रजक, हरिशंकर पटवा, हेमराज सिंह, रमेश शुक्ला, सुभाष सोनी एवं शीतल पुरी की सराहनीय भूमिका रही।








