“कलेक्टर रजनी सिंह का औचक निरीक्षण, नरवाई जलाने पर प्रतिबंध, मंत्री उदय प्रताप सिंह करेंगे राज्य स्तरीय टूर्नामेंट का समापन, महिला सशक्त वाहिनी कक्षा व स्वास्थ्य समीक्षा बैठक सम्पन्न”!

 

नरसिंहपुर, 17 अक्टूबर 2025

16 अक्टूबर 2025. कलेक्टर रजनी सिंह ने गुरूवार को नरसिंहपुर जिले के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीतली, सगरी, करेली, शाहपुर, आमगांव बड़ा और सिंहपुर ग्रामों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक शाला, आंगनबाड़ी केन्द्र, माध्यमिक शाला, शासकीय उचित मूल्य दुकान, सेवा सहकारी समिति मर्यादित, कृषि साख सहकारी समिति और गौशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

कलेक्टर  रजनी सिंह ने विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण किया

प्रधान पाठक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए

कलेक्टर  रजनी सिंह ने ग्राम बीतली में शासकीय प्राथमिक शाला और शासकीय माध्यमिक शाला का निरीक्षण किया। उन्होंने शालाओं में शिक्षा के स्तर में सुधार करने और छात्र- छात्राओं की उपस्थिति बढ़ाने को कहा। रोजाना मैन्यू के आधार पर भोजन वितरित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने इस दौरान शिक्षक एवं छात्र उपस्थिति पंजी का भी अवलोकन किया। उन्होंने छात्र- छात्राओं से विज्ञान और गणित विषय के सामान्य प्रश्न भी पूछे, जिसका छात्र- छात्राओं के द्वारा संतोषजनक उत्तर दिया गया। कक्षा के पाठ्यक्रम को निर्धारित समयानुसार पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर  रजनी सिंह ने ग्राम बीतली और सगरी में आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को समय पर पोषणयुक्त भोजन व नाश्ता प्रदान करने और निर्धारित समय पर आंगनबाड़ी केन्द्र खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्र अंतर्गत दर्ज गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर  रजनी सिंह ने माध्यमिक शाला बीतली के प्रधान पाठक को शैक्षणिक कार्य में लापरवाही बरतने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आंगनबाड़ी केन्द्र बीतली में लापरवाही बरतने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिका तथा विवेकानंद स्वसहायता समूह को भी नोटिस जारी करने को कहा है।
कलेक्टर  रजनी सिंह ने सेवा सहकारी समितियों और उचित मूल्य की दुकानों का निरीक्षण किया

कलेक्टर  रजनी सिंह ने सेवा सहकारी समिति मर्यादित करेली, करपगांव व सिंहपुर और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित शाहपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने भावांतर योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक सोयाबीन उत्पादक किसानों का पंजीयन कराने और इसका व्यापक प्रचार- प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने भावांतर योजना अंतर्गत केन्द्रों में किसानों के पंजीयन के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर श्रीमती सिंह ने उचित मूल्य की दुकान करेली, करपगांव, शाहपुर और सिंहपुर का निरीक्षण किया। उन्होंने उपभोक्ताओं को नियमित रूप से खाद्यान्न वितरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासकीय उचित मूल्य की दुकानों के निरीक्षण के दौरान स्टॉक एवं स्टॉक पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने उचित मूल्य की दुकानों में खाद्यान्न का रखरखाव एवं वितरण उचित तरीके से करने के निर्देश दिए। उन्होंने इस दौरान खाद्यान्न उपभोक्ताओं से खाद्यान्न वितरण के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी उपभोक्ता उचित मूल्य की दुकान से खाद्यान्न का उठाव निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करना सुनिश्चित करें।

कलेक्टर  रजनी सिंह ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर और आमगांव बड़ा का निरीक्षण

स्वास्थ्य केन्द्रों में अनुपस्थित स्टाफ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए

कलेक्टर  रजनी सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहपुर और आमगांव बड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्‍य केन्द्रों में ओपीडी, स्टोर रूम, औषधी भंडार कक्ष, डिलेवरी कक्ष, दवा वितरण केन्द्र आदि का अवलोकन किया। स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों का नियमित रूप से जांच परीक्षण एवं उपचार करने के निर्देश दिए। मरीजों के लिए नियमित रूप से दवाईयां उपलब्ध रखने को कहा, जिससे स्वास्थ्य केन्द्रों में आने वाले मरीजों को परेशानी न हो। कलेक्टर रजनी सिंह ने इस दौरान स्वास्थ्य केन्द्रों में पहुंचे मरीजों से भी चर्चा की। उन्होंने स्वास्थ्य केन्द्रों के स्टाफ को‍ नियमित रूप से उपस्थित रहने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केन्द्र में अनुपस्थित रहने वाले स्टाफ को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर  रजनी सिंह ने इसी प्रकार से गौशाला शाहपुर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गौशाला में पशुओं को नियमित रूप से चारा- भूसा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गौशाला की नियमित रूप से साफ- सफाई व सुरक्षा व्यवस्था के बारे में जानकारी ली।

 

 

 

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉  जिला दंडाधिकारी  रजनी सिंह ने नरवाई और फसलों के अवशेषों में आग लगाने पर प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए

नरसिंहपुर, 16 अक्टूबर 2025. जिला दंडाधिकारी नरसिंहपुर  रजनी सिंह ने वायु मंडल, पर्यावरण एवं भूमि की क्षति को दृष्टिगत रखते हुए सार्वजनिक हित में नरसिंहपुर जिले की सम्पूर्ण राजस्व सीमा क्षेत्र के लिए नरवाई जलाने की प्रथा पर तत्काल अंकुश लगाने हेतु भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जन सामान्य को बाधा, क्षति, मानव जीवन स्वास्थ्य, क्षेम के खतरे के प्रभाव को दृष्टिगत रखते हुए जिले की सीमाओं में खेत में खड़ी फसलों के डंठलों (नरवाई) एवं फसल अवशेषों में आग लगाए जाने पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। इस आदेश 16 अक्टूबर 2025 से 2 माह की अवधि के लिए प्रभावशील रहेगा। उक्त आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरूद्ध भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 223 के अंतर्गत कार्यवाही की जावेगी। पर्यावरण विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अंतर्गत नरवाई में आग लगाने वालों के विरूद्ध क्षतिपूर्ति के लिए दंड का प्रावधान किया गया है। जिसके तहत दो एकड़ तक के कृषकों को 2500 रुपये, 2 से 5 एकड़ तक के कृषकों को 5 हजार रुपये और 5 एकड़ से बड़े कृषकों को 15 हजार रुपये का अर्थदंड प्रति घटना का प्रावधान किया गया है।

जिला दंडाधिकारी नरसिंहपुर ने जारी आदेश में बताया कि उप संचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास नरसिंहपुर द्वारा संज्ञान में लाया गया कि नरसिंहपुर राजस्व जिले में फसल कटाई के पश्चात अगली फसल के लिए खेत तैयार करने के लिए बहुसंख्यक कृषकों द्वारा अपनी सुविधा के लिए खेत में आग लगाकर फसल काटने के उपरांत भूमि में जड़ व डूढ (नरवाई) को नष्ट कर खेत साफ किया जाता है, जिससे व्यापक अग्नि दुर्घटनाएं होकर जन- धन की हानि होती है। इसे नरवाई में आग लगाने की प्रथा के नाम से भी जाना जाता है। नरवाई में आग लगाने पर प्रतिबंध लगाया जाना जनहित में आवश्यक है। जारी आदेश के अनुसार नरवाई में आग लगाने से भूमि में उपस्थित माइक्रोब्ज की क्षति होती है। साथ ही यह पर्यावरण की दृष्टि से भी हानिकारक है। इसके कारण विगत वर्षों में गंभीर अग्नि दुर्घटनाएं घटित हुई है तथा व्यापक संपत्ति की हानि कारित हुई है। ग्रीष्म ऋतु में इससे जल संकट में बढ़ोत्तरी तो होती ही है साथ ही कानून व्यवस्था के लिए भी विपरीत परिस्थितियां निर्मित होती हैं। मप्र शासन के पर्यावरण विभाग द्वारा वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1981 की धारा 19 (1) के अंतर्गत जारी अधिसूचना के माध्यम से वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1981 के प्रावधानों के अनुपालन के लिए सम्पूर्ण मध्यप्रदेश को वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए अधिसूचित किया गया है। मप्र में वायु (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम 1981 की धारा (5) के तहत नरवाई जलाना तत्समय से तत्काल प्रतिबंधित किया गया है, जो कि वर्तमान में निरंतर है।

 

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉  मंत्री  उदय प्रताप सिंह राज्य स्तरीय व्हालीबॉल टूर्नामेंट का समापन करेंगे

नरसिंहपुर, 16 अक्टूबर 2025. प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री  उदय प्रताप सिंह शुक्रवार 17 अक्टूबर को गाडरवारा में राज्य स्तरीय व्हालीबॉल टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री श्री सिंह शुक्रवार 17 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे गाडरवारा आएंगे। इसके पश्चात दोपहर 12 बजे रूद्र मैदान गाडरवारा में राज्य स्तरीय व्हालीबॉल टूर्नामेंट के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। मंत्री  सिंह दोपहर 2.30 बजे सालीचौका में स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के पश्चात अपरान्ह 3.30 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉 महिला महाविद्यालय नरसिंहपुर में महिला सशक्त वाहिनी कक्षा हो रही संचालित

बालिका क्रिकेट कप सह फिजिकल क्लास का हुआ आयोजन

नरसिंहपुर, 16 अक्टूबर 2025. जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ने बताया कि संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग भोपाल के निर्देशानुसार जिला स्तर पर महिला महाविद्यालय नरसिंहपुर में महिला सशक्त वाहिनी कक्षा संचालित की जा रही है। छात्राओं को पुलिस भर्ती व आरक्षक पद के सिलेबस अनुसार गणित, सामान्य विज्ञान एवं सामान्य बुद्धि के प्रश्न हल कराए जा रहे हैं। जिससे इन कक्षाओं के माध्यम से अधिक से अधिक बालिकाओं का चयन शासन के विभिन्न विभागों के पदों पर हो सके। इसके अलावा छात्राओं को निःशुल्क स्टेशनरी आदि भी प्रदाय की गई हैं।

उन्होंने बताया कि अंतराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर बालिका क्रिकेट कप सह फिजिकल क्लास का आयोजन भी किया गया। जूनियर व सीनियर बालिका टीम को बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ मोनो छपे सिल्वर मेडल व गोल्डन मेडल प्रदान किए। सीनियर बालिका टीम की छात्रा सुश्री रश्मि कुर्मी को मेन ऑफ द मैच एवं बेहतर प्रदर्शन पर जूनियर टीम की छात्रा सुश्री अंजली दीक्षित को पुरस्कृत किया गया। बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत संचालित महिला सशक्त वाहिनी कक्षा में 100 से अधिक छात्राओं का पंजीयन किया जा चुका है और ये छात्राएं पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही है।

 

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉 राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक चांवरपाठा में सम्पन्न हुई

कम उपलब्धि पाए जाने पर कारण बताओ नोटिस जारी

नरसिंहपुर, 16 अक्टूबर 2025. मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र चांवरपाठा में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी 2 डॉ. जीपी भनारिया, जिला क्षय अधिकारी डॉ. विनय ठाकुर, ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर चांवरपाठा डॉ. राजकिशोर पटेल, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक श्री विनोद प्रजापति, ब्लॉक चांवरपाठा के सभी सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू, सेक्टर सुपरवाईजर एवं पीएचसी/ सीएचसी के मेडिकल ऑफिसर मौजूद थे। उन्होंने बैठक में सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की उप स्वास्थ्य केन्द्रवार समीक्षा की गई। जिन उप स्वास्थ्य केन्द्रों की स्वास्थ्य सूचकांको में कम उपलब्धि पाई गई उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर अक्टूबर माह अंत तक लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!