नरसिंहपुर। 13 मार्च 2026 जिले में ईमानदारी और मानवता की एक प्रेरणादायक मिसाल सामने आई है। यहां एक युवक को बाइक में टंगा हुआ पैसों और जरूरी दस्तावेजों से भरा थैला मिला, जिसे उसने पूरी ईमानदारी के साथ उसके असली मालिक तक पहुंचा दिया।
जानकारी के अनुसार, नरसिंहपुर के मुशरान पार्क स्थित एक प्राइवेट इलेक्ट्रॉनिक शो-रूम में कार्यरत रवि शंकर मालवीय प्रतिदिन की तरह 11 मार्च को अपनी मोटरसाइकिल शो-रूम के बाहर खड़ी कर काम में लग गए। दोपहर करीब 2 बजे किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी बाइक में एक थैला टांग दिया गया, जिसका उन्हें उस समय पता नहीं चला।
शाम करीब 7:30 बजे जब रवि ने बाइक देखी तो उसमें एक थैला टंगा हुआ मिला। थैले को खोलकर देखने पर उसमें लगभग 10 हजार रुपए नकद, पासबुक और आधार कार्ड मिले। इसके बाद रवि शंकर मालवीय ने आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क करने का प्रयास किया। फोन लगने पर सामने से एक महिला ने बात की, जिन्होंने खुद को थैले के मालिक की मां बताया।
अगले दिन रवि ने पूरी ईमानदारी दिखाते हुए थैले में रखे 10 हजार रुपए, पासबुक, आधार कार्ड और अन्य सामान उसके असली मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।
बताया जा रहा है कि यह थैला नरसिंहपुर जिले के पांजरा निवासी सुरेंद्र सेन का था। रवि की इस ईमानदारी और मानवता की भावना की लोगों द्वारा सराहना की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के समय में भी ऐसे ईमानदार लोग समाज के लिए प्रेरणा हैं।








