इंदौर जल त्रासदी पर उबाल: मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ नरसिंहपुर में पुतला दहन कल!”

नरसिंहपुर । 3 जनवरी 2026
इंदौर में नगर निगम की गंभीर लापरवाही से गंदा पानी पीने की पाइपलाइन में मिलने के कारण 14 से अधिक नागरिकों की दर्दनाक मौत और 150 से ज्यादा लोगों के गंभीर रूप से बीमार होकर अस्पताल में भर्ती होने की घटना को लेकर प्रदेशभर में आक्रोश है। इस हादसे ने न केवल प्रशासनिक विफलता को उजागर किया है, बल्कि शासन की जवाबदेही पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

घटना को लेकर जब एक राष्ट्रीय चैनल के पत्रकार ने जनहित से जुड़े सवाल पूछे, तो मध्यप्रदेश शासन के केबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा की गई असंवेदनशील एवं अभद्र टिप्पणी को लोकतांत्रिक मूल्यों और पत्रकारिता की मर्यादा के विरुद्ध बताया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर नरसिंहपुर में विरोध तेज हो गया है।

इस क्रम में NSUI नरसिंहपुर एवं जिला युवा कांग्रेस के आह्वान पर दिनांक 04 जनवरी 2026, रविवार को सुबह 11:30 बजे सुभाष पार्क चौराहा, नरसिंहपुर में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान मंत्री के इस्तीफे की मांग भी की जाएगी।

आयोजकों ने बताया कि इस विरोध कार्यक्रम में जिला कांग्रेस, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, सेवादल, किसान कांग्रेस, SC/ST कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस, झुग्गी-झोपड़ी कांग्रेस सहित कांग्रेस के सभी मोर्चा संगठनों की संयुक्त उपस्थिति रहेगी।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि इंदौर जैसी बड़ी घटना पर सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए थी, लेकिन जिम्मेदारी तय करने के बजाय सवाल पूछने वालों को ही निशाना बनाया गया। यही कारण है कि अब जनता सड़कों पर उतरकर जवाब मांग रही है।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!