नरसिंहपुर। 13 अप्रैल 2026 शहर में बढ़ते ध्वनि प्रदूषण को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कोतवाली थाना परिसर में आयोजित बैठक में डीजे संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन एवं ध्वनि नियंत्रण नियमों का हर हाल में पालन सुनिश्चित करें।

बैठक में अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी भी कार्यक्रम में निर्धारित सीमा से अधिक ध्वनि पाई जाती है या किसी नागरिक द्वारा शिकायत प्राप्त होती है, तो संबंधित संचालक के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से रहवासी एवं सघन क्षेत्रों में ध्वनि स्तर नियंत्रित रखना अनिवार्य बताया गया है।
डीजे संचालकों ने बैठक के दौरान यह मुद्दा भी उठाया कि कई बार आयोजन समितियों द्वारा भुगतान रोकने की चेतावनी देकर तेज आवाज में संगीत बजाने का दबाव बनाया जाता है। इस पर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा, बाहरी जिलों से आने वाले डीजे सिस्टमों पर भी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय संचालकों को पहले से सूचना देने के लिए कहा गया है, जिससे प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जा सके।









