नरसिंहपुर। 8 अक्टूबर 2026 पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटैल की गुरुवार को आयोजित जनसुनवाई में ग्राम रातीकरार खुर्द निवासी सुरेश कुमार ढीमर ने अपनी कृषि भूमि को लेकर आवेदन प्रस्तुत कर न्याय की गुहार लगाई। आवेदक ने आरोप लगाया कि उसने धार्मिक भावनाओं एवं दान के महत्व से प्रभावित होकर वर्ष 2015 में अपनी पत्नी मुन्नी बाई के नाम दर्ज कृषि भूमि में से 0.020 हेक्टेयर भूमि श्री शक्ति दरबार सेवा आश्रम, रातीकरार खुर्द के नाम दान की थी।
आवेदक सुरेश कुमार का आरोप है कि दान दी गई भूमि को आश्रम की सरवराहकार निशा साहू उर्फ गीतांजली साहू, पति राजेश कुमार साहू, के नाम करवाकर वहां आश्रम का निर्माण करा लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सीमांकन के नाम पर उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है तथा उनकी शेष कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
सुरेश कुमार ने अपने आवेदन में कहा कि आश्रम के नाम भूमि दान करने के बाद से उन्हें और उनके परिवार को कथित रूप से शारीरिक, मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटैल से मामले की जांच कराकर दान की गई कृषि भूमि वापस दिलाने तथा उन्हें राहत प्रदान करने की मांग की है।
आवेदक ने अपने आवेदन में भूमि का विवरण मौजा रातीकरार खुर्द, तहसील करेली, जिला नरसिंहपुर बताते हुए खसरा नंबर 69 की कुल 0.154 हेक्टेयर भूमि में से 0.020 हेक्टेयर भूमि दान किए जाने का उल्लेख किया है।
मामले में लगाए गए आरोप आवेदक के आवेदन पर आधारित हैं। संबंधित पक्ष का पक्ष सामने आने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
देखिए पूरी खबर – पोलखोल पर!








