नरसिंहपुर। 7 अक्टूबर 2026 नरसिंहपुर में आयोजित 19 वर्ष बालिका क्रिकेट संभागीय शालेय प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला नरसिंहपुर और छिंदवाड़ा के बीच खेला गया। फाइनल में नरसिंहपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छिंदवाड़ा को 63 रनों से हराकर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ खेल अधिकारी सुनीता यादव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नरसिंहपुर की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 2 विकेट खोकर 167 रन बनाए। टीम की ओर से अन्वी महाजन ने शानदार शतकीय पारी खेलते हुए 53 गेंदों में 111 रन बनाए, जिसमें 20 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी छिंदवाड़ा की टीम निर्धारित 12 ओवर में 5 विकेट खोकर 104 रन ही बना सकी। छिंदवाड़ा की ओर से अदिति सोनी ने 36 रन की पारी खेली। इस तरह नरसिंहपुर ने फाइनल मुकाबला 63 रन से जीत लिया।
प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार छिंदवाड़ा की अदिति सोनी, सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज का पुरस्कार नरसिंहपुर की स्वाति प्रजापति तथा मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार नरसिंहपुर की अन्वी महाजन को प्रदान किया गया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर पूर्व जिला खेल अधिकारी संतोष सिंह राजपूत, मध्य प्रदेश वॉलीबॉल के सचिव मनीष कटारे एवं वरिष्ठ पीटीआई मुकेश पटेल ने विजेता एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में जिला शिक्षा अधिकारी अनिल कुशवाहा, जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुज जैन, अपील समिति के सदस्य पीटीआई पंकज नेमा, अजय सोनी, अमित कहार, संदीप तिवारी, आशीष नामदेव, सुमित बक्शी, स्वप्निल शर्मा, ज्योति धानक, जीजीबाई पटेल, देवेंद्र रजक सहित अन्य ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं अंपायरिंग एवं स्कोरिंग में शिवकुमार पटेल, शिवम कटारे, प्रदीप पटेल, आदित्य तिवारी, शैलेन्द्र अहिरवार, विजय सेन, रोहित विश्वकर्मा, महेंद्र नोरिया, अजय पटेल, हफीज खान आदि ने सहयोग किया।








