*नाबालिग लड़की को घर में रखने का आरोप विरोध करने पर मारपीट और धमकी का दावा; कलेक्टर से शिकायत, देखिये पूरी खबर पोलखोल पर !*

 

नरसिंहपुर। 6 अक्टूबर 2026 जिले के ग्राम झिरीकला निवासी एक व्यक्ति ने अपने ही परिवार के कुछ सदस्यों पर करीब 15 वर्षीय नाबालिग लड़की को कथित रूप से घर में रखने, विरोध करने पर गाली-गलौज एवं मारपीट करने तथा धमकी देने के आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर आवेदक ने 29 सितंबर 2026 को कलेक्टर नरसिंहपुर के समक्ष आवेदन देकर कार्रवाई और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

आवेदन के अनुसार, शिकायतकर्ता वर्तमान में राजकोट में अपने परिवार के साथ रहता है और 26 सितंबर को अपने पैतृक गांव झिरीकला पहुंचा था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके परिवार के एक युवक द्वारा एक नाबालिग लड़की को कथित रूप से अपने साथ लाकर घर में रखा गया था।

शिकायतकर्ता के मुताबिक, उसने लड़की की उम्र कम होने की बात कहते हुए उसे पुलिस के सुपुर्द करने की बात कही। आरोप है कि इस बात को लेकर परिवार के सदस्यों से विवाद हो गया और उन्होंने लड़की को घर से नहीं भेजने की बात कही।

आवेदन में आगे आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान शिकायतकर्ता और उसकी पत्नी के साथ गाली-गलौज तथा मारपीट की गई और उन्हें घर से बाहर कर दिया गया। शिकायतकर्ता का यह भी दावा है कि पुलिस में शिकायत करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने तथा किसी झूठे प्रकरण में फंसाने की धमकी दी गई।

शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने मामले की जानकारी ग्राम कोटवार, सरपंच एवं सचिव को भी दी, लेकिन उसके अनुसार कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने कलेक्टर से शिकायत कर संबंधित लोगों के विरुद्ध उचित कानूनी कार्रवाई तथा अपने और परिवार के सदस्यों की सुरक्षा की मांग की है।

पोलखोल न्यूज़ की ओर से स्पष्ट किया जाता है कि ये आरोप शिकायतकर्ता द्वारा कलेक्टर को दिए गए आवेदन में लगाए गए हैं। आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार तैयार किए जाने तक नहीं हो सकी है।

मामले में संबंधित पक्षों और पुलिस का आधिकारिक पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

नरसिंहपुर: सिंहपुर बड़ा की बड़ी संख्या में महिलाएं कलेक्टर कार्यालय पहुंचीं, सालों से निवासरत परिवारों ने मांगे आवासीय पट्टे! जनसुनवाई में उठी आवासीय पट्टे की मांग, प्रशासन से जल्द कार्रवाई की अपील। 📹 पूरी खबर देखिए- पोलखोल न्यूज़ पर।

error: Content is protected !!