नरसिंहपुर। 6 अक्टूबर 2026 पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना के निर्देशन में कोतवाली पुलिस ने सूने मकानों में चोरी करने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान सोहागपुर निवासी प्रहलाद प्रजापति के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने धनारे कॉलोनी स्थित दो सूने मकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कोतवाली पुलिस ने आरोपी को सदर मढ़िया के पास से गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर, लैपटॉप, मोबाइल फोन और नकदी सहित करीब 4 लाख 25 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। पुलिस आरोपी से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
इस कार्रवाई में कोतवाली पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की सफलता पर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।








