नरसिंहपुर। 23 जनवरी 2026
शहर में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। नया बस स्टैंड क्षेत्र में कॉलेज जा रही छात्राओं के साथ सरेआम अभद्रता का मामला सामने आया है। बाइक सवार दो युवकों द्वारा छात्राओं पर फब्तियां कसने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे आमजन में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना उस समय की है जब कुछ छात्राएं नया बस स्टैंड के पास से पैदल कॉलेज जा रही थीं। तभी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे और छात्राओं को देखकर अशोभनीय टिप्पणियां करने लगे। युवक बेखौफ होकर अपनी हरकतें करते नजर आए। पूरी घटना को वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है।
🗣️ पुलिस गश्त पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय नागरिकों, छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय पुलिस की गश्त नाममात्र की रह जाती है। नया बस स्टैंड जैसे भीड़भाड़ वाले इलाके में पुलिस की मौजूदगी नहीं होने से मनचलों के हौसले बुलंद हैं। छात्राओं का कहना है कि शहर के मुख्य मार्गों पर भी वे खुद को असुरक्षित महसूस करती हैं।
वायरल वीडियो के बाद कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर नरसिंहपुर पुलिस को टैग कर आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की जा रही है। नागरिकों का कहना है कि वीडियो और बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
दो दिन पहले ही पोलखोल ने आवारा युवकों पर खबर दिखाई थी!
➡️ एसपी का बयान
मामले पर नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा ने कहा कि वायरल वीडियो के संबंध में पुलिस ने संज्ञान ले लिया है। आरोपियों की पहचान के लिए टीम गठित कर दी गई है और विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों पर ध्यान दें और युवाओं को रील बनाने के जुनून में मर्यादा व सम्मान का पालन करना चाहिए।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई प्रतिरक्षारत् है?








