नरसिंहपुर! 15 जनवरी 2026
नरसिंहपुर शहर के खैरी नाका निवासी प्रमोद मेहरा उर्फ( ऋषि )(30 वर्ष) ने गुरूवार 15 जनवरी सुबह करीब 9:40 बजे अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवक घर पर अकेला था, उसकी पत्नी बच्चों के साथ मायके में थी।
परिजनों के अनुसार, 13 जनवरी को मृतक अपनी पत्नी और बच्चों को लेने जिले के बगासपुर स्थित मायके गया था। वहां पत्नी ने उसके साथ आने से इनकार कर दिया, साथ ही बच्चों को भेजने से भी मना कर दिया। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि इस दौरान पत्नी के भाई और परिजनों ने युवक के साथ मारपीट भी की। मां का कहना है कि युवक बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंतित था और उन्हें साथ लाना चाहता था, लेकिन पत्नी ने आने से मना करते हुए कथित तौर पर “मर जाओ” जैसे शब्द कहे, जिससे वह बेहद आहत हो गया।
बताया जा रहा है कि मायके से लौटने के बाद युवक ने आत्महत्या से पहले एक वीडियो बनाया, जिसमें उसने पत्नी और ससुराल पक्ष का जिक्र करते हुए आरोप लगाए, और उस वीडियो को सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। इसके बाद उसने खैरी स्थित अपने घर में फांसी लगा ली।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।








