पोलखोल: सीईओ की कथित अभद्रता पर बवाल, कांग्रेस का अनिश्चितकालीन धरना जारी!”

नरसिंहपुर/ 6 जनवरी 2026
नरसिंहपुर। जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र नागेश के खिलाफ कांग्रेस द्वारा अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया गया है। यह धरना 5 जनवरी सोमवार से कलेक्टर कार्यालय परिसर में जारी है। कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता धरने पर बैठे हैं।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनीता पटेल ने बताया कि 30 दिसंबर को जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। ज्ञापन में बरमान घाट पर एक कर्मकांडी ब्राह्मण पुजारी एवं एक युवक के साथ सीईओ द्वारा अभद्र व्यवहार किए जाने का उल्लेख किया गया था। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया ।
आपको बता दें कि वायरल वीडियो के बाद ब्राह्मण समाज द्वारा भी ज्ञापन सौंपकर सीईओ से माफी मांगने अथवा उनके विरुद्ध कार्रवाई की मांग की गई थी। इसके बावजूद अब तक जिला पंचायत सीईओ के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।

धरना-प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक सीईओ को पद से हटाकर उनके खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। कड़ाके की ठंड के बावजूद महिला एवं पुरुष कार्यकर्ता दिन-रात धरने पर डटे हुए हैं।

धरने में शामिल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय दुबे ने आरोप लगाया कि सीईओ पूर्व में जिन जिलों में पदस्थ रहे हैं, वहां भी उनका व्यवहार विवादों में रहा है। उन्होंने कहा कि सीईओ अपने स्टाफ के साथ भी कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हैं, लेकिन भय के कारण कई कर्मचारी सामने नहीं आ पा रहे हैं।

फिलहाल कांग्रेस का धरना कलेक्टर कार्यालय परिसर में जारी है और प्रशासन की ओर से आगे की कार्रवाई पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!