नरसिंहपुर। 4 जनवरी 2026
कलेक्टर रजनी सिंह एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने शनिवार को संयुक्त रूप से नेशनल हाईवे क्रमांक 44 एवं 45 पर चिन्हित ब्लैक स्पॉटों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अनिल कुमार, यातायात थाना प्रभारी ममता तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर एवं एसपी ने जिले के सीमावर्ती ग्राम खापा मोड़, डुडवारा, लवेरी, मुंगवानी, बचई, मगरधा चौराहा, कृष्णा ढाबा करेली, कोदसा-इमलिया-करेली मार्ग, हाईवे से लगे बरमानखुर्द मार्ग, सुआतला स्थित चरगुवां तिराहा सहित अन्य दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉटों का अवलोकन किया।
मगरधा ब्लैक स्पॉट पर सर्विस रोड के निर्माण, बचई शुगर मिल के समीप गन्ना ट्रैक्टर-ट्रॉली के लिए पृथक सर्विस रोड (ले-वे), रोड मार्किंग एवं रबर स्ट्रिप लगाने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही कार्मेल स्कूल के पास सर्विस लेन तथा वैहर तिराहा के पास स्टोरेज लेन निर्माण के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर एवं एसपी ने विशेष रूप से नर्मदा नदी सतधारा पुल के समीप बस स्थानक (बस ले-बे) के निर्माण के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं एवं बस यात्रियों को हाईवे पर सुरक्षित रूप से बस में चढ़ने-उतरने की सुविधा मिल सके और यातायात बाधित न हो।
मकर संक्रांति पर्व पर आयोजित होने वाले बरमान मेले को दृष्टिगत रखते हुए यातायात प्रबंधन के लिए सर्विस रोड (ले-वे) एवं बस स्टॉप प्वाइंट का निर्माण प्राथमिकता से कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी ब्लैक स्पॉटों पर सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु साइन बोर्ड एवं रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर रजनी सिंह ने एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर को निर्देशित किया कि सभी सुधार कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा चिन्हित ब्लैक स्पॉटों पर यातायात सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
#Narsinghpur








