पारिवारिक कलह बना खून की वजह: पत्नी की हत्या कर भागा पति अब सलाखों के पीछे!”

नरसिंहपुर। 2 जनवरी 2026
पत्नी की नृशंस हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को नरसिंहपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र का है, जहां पारिवारिक विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 10 दिसंबर 2025 को बजरंग वार्ड निवासी अभिषेक नेमा ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके मित्र सौरभ सोनी की माता लता सोनी की उनके मकान के ऊपरी कमरे में किसी अज्ञात व्यक्ति ने गले पर धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।

जांच के दौरान सामने आया कि हत्या किसी और ने नहीं बल्कि मृतिका के पति मनोज सोनी ने ही की है। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई, जिसने लगातार संभावित ठिकानों, रेलवे स्टेशन, नर्मदा घाटों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तलाश जारी रखी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने नरसिंहपुर–करेली मार्ग स्थित हाईवे के पास सिद्ध बाबा मंदिर के पीछे खेत में दबिश देकर आरोपी मनोज सोनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि पारिवारिक कलह और पत्नी द्वारा लगातार ताने दिए जाने के कारण उसने 9 दिसंबर की रात सोती हुई पत्नी पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए हैं। आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया।

इस पूरे मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे सहित पुलिस टीम के सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!