नरसिंहपुर / 31 दिसंबर 2025
नववर्ष-2026 को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से नरसिंहपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “OPERATION EAGLE CLAW” के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की सख्त नाकेबंदी के चलते दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब एवं तस्करी में प्रयुक्त चार पहिया वाहन जब्त किया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिलेभर में चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। इसी क्रम में थाना ठेमी पुलिस ने मानेगांव–मुंगली मार्ग पर मुखबिर की सूचना के आधार पर नाकेबंदी की। नाकेबंदी के दौरान एक ईको कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 30 पेटी अवैध देशी शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने मौके से
आरोपी 1 – शुभम कुशवाह, निवासी ग्राम मानेगांव, थाना ठेमी, जिला नरसिंहपुर
आरोपी 2 – पंकज कोरी, निवासी ग्राम ठेमी, जिला नरसिंहपुर
को गिरफ्तार किया है। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त ईको कार (एमपी 20 जेडडब्ल्यू 2933) जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 5 लाख रुपये है, उसे भी जब्त किया गया।
इस मामले में आरोपियों के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी ठेमी निरीक्षक प्रीति मिश्रा, प्रधान आरक्षक के.के. सेन, भास्कर पटेल, कुलदीप ठाकुर, आरक्षक चंद्रप्रताप पटेल, सत्यम दुबे, विजय वासुकी एवं महिला आरक्षक रंजिता राजपूत की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नववर्ष के दौरान किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी और ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।








