नरसिंहपुर। 31 दिसंबर 2025
नरसिंहपुर जिले में कानून व्यवस्था को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी, यह स्पष्ट संदेश देते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा ने कड़ा कदम उठाया है। स्टेशनगंज थाना क्षेत्र के भरवारा गांव में रात के समय हुए गंभीर विवाद में लापरवाही बरतने पर सात पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, वहीं एक सैनिक को थाने से हटाकर होमगार्ड कार्यालय संबद्ध किया गया है।
यह कार्रवाई जिले में चर्चा का विषय बन गई है और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि 21 दिसंबर की रात भरवारा गांव में दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना समय पर थाने को मिल गई थी।
इसके बावजूद मौके पर पहुंची पुलिस टीम स्थिति को नियंत्रित करने में नाकाम रही और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
मामले की जानकारी मिलते ही एसपी डॉ. मीणा ने विभागीय जांच के आदेश दिए। जांच में पुलिसकर्मियों की घोर लापरवाही सामने आने के बाद यह सख्त निर्णय लिया गया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में चार प्रधान आरक्षक और तीन आरक्षक शामिल हैं।
एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा। अपराध रोकने में ढिलाई बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई न सिर्फ संबंधित पुलिसकर्मियों के लिए बल्कि पूरे जिले के पुलिस स्टाफ के लिए कड़ा संदेश और चेतावनी मानी जा रही है कि ड्यूटी में कोताही अब भारी पड़ेगी।








