नरसिंहपुर / 26 दिसंबर 2025
नरसिंहपुर। जिले में बढ़ती मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने तीन शातिर मोटरसाइकिल चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 6 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 25 दिसंबर 2025 को थाना गाडरवारा पुलिस की दो टीमों ने पेट्रोलिंग के दौरान दो संदिग्धों को पकड़ा, जिनके पास से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। पूछताछ में आरोपियों ने गाडरवारा एवं नर्मदापुरम जिले के विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मनीष जाटव निवासी तिगवां, थाना गाडरवारा, धनंजय उर्फ छोटू कौरव निवासी ग्राम छैनाकछार तथा उमेश कौरव निवासी ग्राम सिलहैटी शामिल हैं। आरोपियों से कुल 10 मोटरसाइकिलें जप्त की गई हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, बजाज प्लेटीना, बजाज सीटी 100 और होंडा शाइन जैसी बाइक शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि कुछ मोटरसाइकिलें अन्य जिलों से चोरी की गई थीं।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सार्वजनिक स्थानों, बैंक परिसरों, सब्जी बाजारों और शादी गार्डनों के आसपास खड़ी बिना लॉक की गई मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के बाद पकड़े जाने से बचने के लिए वाहनों को कुछ दिनों तक सुनसान स्थानों या खेतों में छिपाकर रखते थे और बाद में उनका उपयोग या विक्रय करते थे। एक मामले में चोरी की मोटरसाइकिल को कटर मशीन से काटकर खेत में छिपाने की बात भी सामने आई है।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी गाडरवारा निरीक्षक विक्रम रजक सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस का कहना है कि चोरी की अन्य घटनाओं को लेकर भी पूछताछ जारी है और आगे और खुलासे होने की संभावना है।








