नरसिंहपुर। 26 दिसंबर 2025
कभी शांत और स्वच्छता के दावों से पहचाना जाने वाला नरसिंहपुर इन दिनों कचरे और गंदगी को लेकर प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालात ऐसे हो गए हैं कि शहर की पहचान मानो एक पोस्टर में सिमट गई हो, “अतिथि तुम यहाँ मत आना।”
शहर के प्रमुख चौराहों, गलियों और रिहायशी इलाकों में फैला कचरा अब केवल स्थानीय समस्या नहीं रह गया है। इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नरसिंहपुर की बदहाली की तस्वीरें और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिससे जिले की छवि को गहरा नुकसान पहुँच रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है, जबकि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। नतीजा यह है कि पूरा प्रदेश नरसिंहपुर को गंदगी के उदाहरण के रूप में देख रहा है।
यह स्थिति केवल स्वच्छता की नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और जवाबदेही की कमी को उजागर करती है। यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो शहर की यह बदनामी लंबे समय तक पीछा करती रहेगी।
अब सवाल यह है कि
क्या जिम्मेदार जागेंगे?
या फिर नरसिंहपुर यूँ ही “अतिथि निषेध” का प्रतीक बनकर रह जाएगा?









