नरसिंहपुर / 10 दिसंबर 2025।
पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) रेंज छिंदवाड़ा राकेश कुमार सिंह ने 10 दिसंबर को जिले का दौरा कर कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण की विस्तृत समीक्षा की। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में एसपी डॉ. ऋषिकेश मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सभी एसडीओपी, डीएसपी, थाना एवं चौकी प्रभारी सहित रक्षित निरीक्षक और सभी शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान डीआईजी ने थानों में दर्ज मामलों की बारीकी से समीक्षा की और कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए समयबद्ध और प्रभावी कार्रवाई अनिवार्य है। उन्होंने जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए।
प्रमुख निर्देश..
गंभीर अपराधों में FIR दर्ज करने में देरी न हो, तत्काल विवेचना शुरू कर निर्धारित समय में निराकरण सुनिश्चित किया जाए ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।
संगठित अपराधों पर पूर्ण रोक लगाने तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश।
विभिन्न आयोगों, वरिष्ठ कार्यालयों एवं थाना स्तर पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित और संतोषजनक समाधान किया जाए तथा अनावश्यक लंबित न रखा जाए।
क्षेत्र में गुंडे–बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए लगातार पेट्रोलिंग, नाइट गश्त और सघन चेकिंग की जाए, साथ ही प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
समीक्षा बैठक के बाद डीआईजी ने पुलिस नियंत्रण कक्ष (PCR) की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण भी किया और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु दिशा-निर्देश दिए।








