नरसिंहपुर / 28 अक्टूबर 2025
नरसिंहपुर। जिले में सामने आया एक ऐसा खौफनाक मामला जिसने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। सिवनी जिले के सृजन साहू की हत्या उसकी साली निधि साहू ने दो साथियों की मदद से कराई। पुलिस ने हत्या का राजफाश करते हुए खुलासा किया कि साली ने सोशल मीडिया पर ‘ड्रम में डेड बॉडी’ जैसी हत्या की रील और वीडियो देखकर यह साजिश रची थी।
जानकारी के अनुसार, सृजन साहू बीते 25 अक्टूबर से लापता था। उसकी लाश मुंगवानी थाना क्षेत्र के घोघरा गांव के जंगल में पत्थरों के नीचे दबी मिली। पुलिस ने आरोपी निधि, उसके दोस्त साहिल और एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है।
जांच में सामने आया कि युवती ने करीब 25 दिन पहले ही हत्या की योजना बना ली थी। उसने साहिल और नाबालिग को 50 हजार रुपए में सुपारी दी। आरोपी युवकों ने स्विफ्ट कार में ले जाकर सृजन के दोनों तरफ पेट में चाकू मारकर हत्या कर दी।
बताया जा रहा है कि युवती और सृजन के शादी से पहले संबंध थे। शादी के बाद सृजन उसे पुराने वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर ब्लैकमेल कर रहा था। इस ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर युवती ने भाई दूज के बहाने सृजन को गांव बुलाया और उसकी हत्या कर दी।
चौंकाने वाली बात यह भी है कि युवती के पिता पहले से ही हत्या के मामले में जेल की सजा काट रहे हैं।
पुलिस ने डॉग स्क्वाड की मदद से हत्या में इस्तेमाल चाकू और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है!










