नरसिंहपुर, 15 फरवरी 2026।
करेली बायपास स्थित ट्रिली एग्रो पैनल प्लाईवुड फैक्ट्री में 12 फरवरी की शाम अचानक अज्ञात कारणों से भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और वहां काम कर रहे चार मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
हादसे में दो महिलाएं और दो पुरुष गंभीर रूप से झुलस गए। जानकारी के अनुसार 40 से 60 प्रतिशत तक सभी मजदूर झुलसे हैं। सभी घायलों का उपचार निजी अस्पताल में जारी है और उनकी स्थिति पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री के मालिक अनमोल जैन हैं और सभी घायल मजदूर करेली निवासी हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।
इधर घटना के तीन दिन बाद, रविवार 15 फरवरी को शहर के स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित देर शाम स्वदेशी मेले के समापन कार्यक्रम में फैक्ट्री संचालक अनमोल जैन मंच पर अतिथि के रूप में नजर आए। यह दृश्य कई लोगों के लिए आश्चर्य का विषय बना रहा, क्योंकि इसी दौरान उनकी फैक्ट्री में झुलसे मजदूर अस्पताल में उपचाररत हैं।
फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, वहीं प्रशासनिक जांच के निष्कर्षों का इंतजार है। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर चर्चा और सवालों का दौर जारी है।








