नरसिंहपुर / 24 दिसंबर 2025
श्रीनगर गोटेगांव क्षेत्र से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहाँ एक पीड़ित परिवार ने पड़ोसियों पर जान से मारने की धमकी, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार ने पुलिस एवं प्रशासन को लिखित शिकायत सौंपकर सुरक्षा और न्याय की मांग की है।
शिकायतकर्ता कालीराम चौधरी एवं आसाराम चौधरी ने बताया कि उनके पड़ोसी हीरालाल चौधरी और खड़क सिंह चौधरी द्वारा लगातार उन्हें परेशान किया जा रहा है।
आरोप है कि आए दिन गाली-गलौज की जाती है और जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है।
पीड़ितों के अनुसार, 7 फरवरी 2025 को खड़क सिंह चौधरी जेल से पेरोल पर रिहा होकर वापस आया, जिसके बाद धमकियों का सिलसिला और तेज हो गया।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2024 में आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा bnss.103 से संबंधित मामला दर्ज रहा है।
शिकायत पत्र में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप भी लगाए गए हैं। इसके साथ ही पीड़ित परिवार ने बताया कि उनकी कृषि भूमि में जानबूझकर पानी की आपूर्ति रोक दी गई, जिससे फसल सूख गई और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।
पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने 8 फरवरी 2025 को झोंतेश्वर चौकी एवं थाना गोटेगांव में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।
इसी कारण परिवार की महिलाएं बच्चों को लेकर प्रशासन के समक्ष पहुंची और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।








