नरसिंहपुर। 12 मार्च 2026 शहर के गुरुद्वारा क्षेत्र स्थित अवंतिका ज्वेलर्स के संचालक पर एक युवक ने गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि उसने करीब आठ माह पहले अपने परिचित के आभूषण गिरवी रखे थे, लेकिन अब जब वह ब्याज सहित रकम लेकर पहुंचा तो ज्वेलर्स संचालक ने जेवर लौटाने से इनकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, युवक मयंक जैन ने लगभग 30 ग्राम सोने के आभूषण और करीब 90 ग्राम चांदी के जेवर 2 लाख 55 हजार रुपये में गिरवी रखे थे। यह जेवर उसके एक मित्र के बताए जा रहे हैं, जिसने मयंक को गिरवी रखने के लिए दिए थे।
मयंक जैन के मुताबिक, करीब आठ माह बाद 11 मार्च को वह गुरुद्वारा क्षेत्र स्थित अवंतिका ज्वेलर्स पहुंचा। यहां संचालक विशन सोनी ने उसे बताया कि ब्याज की राशि 40 हजार 800 रुपये बनती है और उसे एक पर्ची भी दी, जिसमें मूल रकम के साथ ब्याज जोड़कर कुल भुगतान का उल्लेख किया गया था।
युवक का कहना है कि वह 12 मार्च को ब्याज सहित पूरी रकम लेकर दोबारा ज्वेलर्स पहुंचा, लेकिन इस बार संचालक ने कथित रूप से यह कह दिया कि जेवर गला दिए गए हैं और अब वापस नहीं मिल सकते।
युवक का आरोप है कि उसे बिना किसी पूर्व सूचना के इस तरह जेवर गला देना और इतने समय तक उसे भ्रम में रखना धोखाधड़ी की श्रेणी में आ सकता है।
मयंक जैन ने इस मामले में थाना कोतवाली नरसिंहपुर में लिखित शिकायत दी है। हालांकि खबर लिखे जाने तक उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई थी। युवक ने बताया कि अब वह पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने जा रहा है।








