नरसिंहपुर | 18 दिसंबर 2025
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धमना, जिला नरसिंहपुर में अध्ययनरत आईटी ट्रेड के विद्यार्थियों ने गुरुवार को पुलिस कंट्रोल रूम, नरसिंहपुर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों को पुलिस कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीकी व्यवस्थाओं तथा आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस की त्वरित कार्यवाही से अवगत कराया गया।
भ्रमण के दौरान छात्रों को डायल-112 सेवा की कार्यविधि, जिले में स्थापित सीसीटीवी निगरानी प्रणाली एवं लाइव मॉनिटरिंग, वायरलेस संचार व्यवस्था तथा थानों के साथ समन्वय की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन स्थितियों में अपनाई जाने वाली त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली और साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित तकनीकी उपयोग पर भी मार्गदर्शन दिया गया।
इस अवसर पर नरसिंहपुर पुलिस द्वारा संचालित विभिन्न अभियानों के उद्देश्य एवं महत्त्व को पीपीटी के माध्यम से समझाया गया। पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके प्रश्नों के उत्तर दिए और तकनीक आधारित पुलिसिंग की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों को पुलिस विभाग की तकनीकी कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अवसर मिला। भ्रमण के उपरांत छात्रों ने इस अनुभव को उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए नरसिंहपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।











