“स्वतंत्रता दिवस पर स्वच्छता को समर्पित प्रभात फेरी, रेलवे कॉलोनी बनी मिसाल!

 

नरसिंहपुर / स्वतंत्रता दिवस 2025 के अंतर्गत चिकित्सा विभाग द्वारा 4 अगस्त को एक विशेष स्वच्छता जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। यह आयोजन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नरसिंहपुर से प्रारंभ होकर रेलवे स्टेशन व रेलवे कॉलोनी तक प्रभात फेरी के रूप में सम्पन्न हुआ।

इस अभियान का उद्देश्य कॉलोनीवासियों एवं रेल कर्मचारियों में साफ-सफाई के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। स्कूली बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और “स्वच्छ रेल – स्वच्छ भारत” के नारों से वातावरण को जागरूकता से भर दिया।

रेलवे चिकित्सक डॉ. आर.आर. कुर्रे ने लोगों को संबोधित करते हुए पर्यावरण की रक्षा हेतु पौधारोपण, परिसर की स्वच्छता, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने और बच्चों को मोबाइल से दूर रखकर खेलों में भाग लेने जैसी महत्वपूर्ण बातें साझा कीं। उन्होंने बताया कि ये आदतें मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।

इस अभियान में स्टेशन प्रबंधक श्री सुनील जाट सहित समस्त रेलवे कर्मचारी, अधिकारीगण एवं सफाई मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। कॉलोनीवासियों से अपील की गई कि वे प्लास्टिक और गीले कचरे को अलग रखें, और अपने घरों के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।

यह प्रभात फेरी सिर्फ एक आयोजन नहीं बल्कि स्वच्छ भारत की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल थी, जिसमें हर वर्ग की भागीदारी दिखी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!