भोपाल / 5 अक्टूबर 2025
सिवनी। जिले में अपने कार्यकाल के दौरान संवेदनशील, ऊर्जावान और जनसंपर्कप्रिय अधिकारी के रूप में पहचान बनाने वाली कलेक्टर संस्कृति जैन का स्थानांतरण भोपाल नगर निगम के कमिश्नर पद पर हुआ है। उनके स्थानांतरण की खबर मिलते ही जिलेभर में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों में मिश्रित भावनाएं देखी गईं।
रविवार को सिवनी जिले ने अपनी लोकप्रिय कलेक्टर को भावनाओं के बीच विदा किया। विदाई समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें फूलों के गुलदस्ते भेंट कर शुभकामनाएं दीं। सभी ने कहा कि संस्कृति जैन ने अपने कार्यकाल में न केवल विकास कार्यों में तेजी लाई, बल्कि जनता से जुड़ाव और समस्याओं के त्वरित समाधान की मिसाल भी पेश की।
संस्कृति जैन ने भी सिवनीवासियों का आभार जताते हुए कहा, “सिवनी हमेशा मेरे दिल के करीब रहेगा। यहां के लोगों का स्नेह और सहयोग मुझे आगे भी प्रेरित करता रहेगा।”
उनके भोपाल नगर निगम कमिश्नर पदभार संभालने की खबर से प्रशासनिक हलकों में भी उत्साह है, वहीं सिवनी के लोगों में विदाई की हल्की उदासी देखी गई।








