नरसिंहपुर! 18 जनवरी 2026 नरसिंहपुर नगर के बजरंग वार्ड निवासी एवं चौरसिया समाज के पूर्व अध्यक्ष, प्रतिष्ठित समाजसेवी स्वर्गीय पुरुषोत्तम चौरसिया का 70 वर्ष की आयु में निधन हो गया ।
उनके निधन के पश्चात चौरसिया परिवार ने एक सराहनीय और अनुकरणीय निर्णय लेते हुए मृत्यु भोज न कराने का संकल्प लिया तथा उसके स्थान पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया।
परिवार के सदस्यों ने बताया कि निधन के बाद होने वाले सभी आवश्यक धार्मिक पूजा-पाठ एवं परंपरागत रीति-रिवाजों का विधिवत निर्वहन किया गया, किंतु सामाजिक कुरीति माने जाने वाले मृत्यु भोज का आयोजन नहीं किया गया।
इसके स्थान पर तुलसी मानस भवन में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहाँ रिश्तेदारों, समाजजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने स्वर्गीय पुरूषोत्तम चौरसिया को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि सभा में चौरसिया समाज के अध्यक्ष नीरज चौरसिया एवं पूर्व अध्यक्ष आनंद चौरसिया ने कहा कि स्वर्गीय पुरुषोत्तम चौरसिया स्वयं मृत्यु भोज एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरोधी थे और समाज सुधार के लिए सदैव प्रयासरत रहे। परिवार द्वारा लिया गया यह निर्णय उनके विचारों को सच्ची श्रद्धांजलि है।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय पुरुषोत्तम चौरसिया अपने पीछे पुत्र ध्रुव चौरसिया, लालू चौरसिया एवं गोलू चौरसिया सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। चौरसिया परिवार के इस निर्णय की समाज में व्यापक सराहना की जा रही है और इसे एक सकारात्मक सामाजिक संदेश के रूप में देखा जा रहा है।








