शंकराचार्य अपमान के विरोध में सड़कों पर कांग्रेस, नरसिंहपुर में सीएम योगी का पुतला दहन!”

नरसिंहपुर। 19 जनवरी 2026 उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में माघ मेला के दौरान मौनी अमावस्या पर्व पर शंकराचार्य अविमुक्तानंद सरस्वती महाराज के अपमान एवं साधु-संतों के साथ की गई कथित मारपीट की घटना के विरोध में जिला युवा कांग्रेस एवं एनएसयूआई ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने सुभाष पार्क चौराहे पर एकत्र होकर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया और जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रयागराज की घटना को सनातन धर्म का घोर अपमान बताया। जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष विवेक पटेल ने कहा कि उत्तर प्रदेश की सरकार हिन्दू विरोधी मानसिकता के साथ कार्य कर रही है। वहीं युवा नेता अतुल चौरसिया ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल हिन्दू-मुस्लिम विवाद खड़ा कर सत्ता हासिल करने का काम करती है।

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष ईशान राय, प्रदेश महासचिव राहुल ठाकुर, प्रदेश सचिव जितेंद्र पटैल, युवा कांग्रेस पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रोहित पटेल, युवा नेता मनीष कौरव सहित अन्य नेताओं ने संयुक्त रूप से कहा कि धर्म, संस्कृति और सनातन परंपरा के सर्वोच्च प्रतीक शंकराचार्य जी के साथ उत्तर प्रदेश में जो व्यवहार किया गया, वह केवल एक संत का नहीं बल्कि पूरे सनातन समाज का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के अहंकार में सरकार को न संत दिखाई दे रहे हैं, न संस्कृति और न ही संवैधानिक मर्यादा।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इसी निरंकुशता, तानाशाही और दमनकारी रवैये के विरोध में पुतला दहन कर यह संदेश दिया जा रहा है कि संतों का अपमान किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग भी की गई।
प्रदर्शन में पूर्व विधायक सुनील जायसवाल, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नरेंद्र राजपूत, जनपद पंचायत अध्यक्ष शैलेंद्र राजपूत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष मनीष साहू, नगर पालिका नेता प्रतिपक्ष रूद्रेश तिवारी, जनपद उपाध्यक्ष कंछेदी पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!