नरसिंहपुर। रेलवे हॉस्पिटल नरसिंहपुर में विश्व मच्छर दिवस एवं राष्ट्रीय सद्भावना दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पश्चिम मध्य रेलवे जबलपुर के चिकित्सक डॉ. आर. आर. कुर्रे ने बताया कि 20 अगस्त 1897 को ब्रिटिश डॉक्टर सर रोनाल्ड रॉस ने यह खोज की थी कि मादा एनाफिलीज मच्छर मलेरिया फैलाता है। इसी उपलक्ष्य में हर साल विश्व मच्छर दिवस मनाया जाता है।
इस वर्ष का विषय “अधिक समतापूर्ण विश्व के लिए मलेरिया विरुद्ध लड़ाई में तेजी लाना” रहा। डॉ. कुर्रे ने कहा कि मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया, येलो फीवर, जीका वायरस, इंसेफेलाइटिस और वेस्ट नाइल वायरस जैसी बीमारियों से बचाव हेतु जागरूकता सबसे बड़ा हथियार है। उन्होंने बताया कि मच्छरों से बचाव के लिए मच्छरदानी, रिपेलेंट, फुल आस्तीन कपड़े, साफ-सफाई, नालियों-कूलरों में पानी जमा न होने देना, दवा का छिड़काव करना और बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं बुजुर्गों पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। बीमारी की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से परामर्श लेकर हल्का भोजन व पर्याप्त आराम करना चाहिए।
इसी अवसर पर राष्ट्रीय सद्भावना दिवस भी मनाया गया। डॉ. कुर्रे ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी प्रेम, भाईचारा, एकता और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी जी की जयंती पर मनाया जाने वाला यह दिवस देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संदेश देता है।










