भोपाल। 12 अक्टूबर 2025
राजधानी भोपाल में पुलिसकर्मियों द्वारा की गई मारपीट से एक युवक की मौत के मामले ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर सख्त रुख अपनाते हुए दो पुलिसकर्मियों पर हत्या का प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।
सीएम ने स्पष्ट कहा, “मध्यप्रदेश में कानून सबके लिए समान है। अपराधी चाहे कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा।”
क्या है मामला ?
घटना पिपलानी थाना क्षेत्र के इंद्रपुरी सी-सेक्टर की है। गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब सवा एक बजे डीएसपी के साले उदित गायकी (21) अपने दोस्तों अक्षत भार्गव और दीपेश बरकड़े के साथ कार में बैठकर पार्टी कर रहा था।
उसी दौरान गश्त पर निकले दो पुलिसकर्मी आरक्षक संतोष बमनिया और सौरभ आर्य वहां पहुंचे। उन्होंने कार रोककर युवकों से बहस शुरू कर दी और गालियां देने लगे। डर के मारे उदित कार से उतरकर पास की गली में भागा, लेकिन दोनों पुलिसकर्मियों ने उसका पीछा किया और डंडों व लात-घूसों से बेरहमी से पिटाई की।
गवाहों के अनुसार, पुलिसकर्मियों ने युवकों को डराते हुए ₹10,000 की रिश्वत मांगी और केस दर्ज करने की धमकी दी। इसके बाद उदित और उसके दोस्त वहां से निकल गए।
एम्स पहुंचने से पहले ही हो गई मौत
घटना के दो घंटे बाद जब उदित की तबीयत बिगड़ी, तो दोस्तों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने जांच के बाद कहा कि नब्ज महसूस नहीं हो रही और एम्स भोपाल ले जाने की सलाह दी। सुबह लगभग 4 बजे एम्स पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों और दोस्तों ने आरोप लगाया कि उदित की मौत पुलिसकर्मियों की निर्दय पिटाई से हुई है।
सरकार की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए दोनों आरक्षकों को तुरंत निलंबित किया गया और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस प्रकरण को लेकर कहा,
> “प्रदेश में कानून सबके लिए समान है। यदि अपराध पुलिसकर्मी से भी हुआ है तो उसे भी सज़ा मिलेगी। कोई भी दोषी नहीं बचेगा।”
जनता में आक्रोश, पुलिस पर उठे सवाल
इस घटना के बाद भोपाल समेत पूरे प्रदेश में आक्रोश है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जिन पर जनता की सुरक्षा की जिम्मेदारी है, वही यदि कानून तोड़ें तो आम नागरिक किस पर भरोसा करे?
वरिष्ठ अधिकारियों ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और कहा है कि न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
मृतक उदित के जीजा बलाघाट में बतौर डीएसपी पदस्थ हैं!
(रिपोर्ट: NSP पोलखोल न्यूज़)








