नरसिंहपुर/ 13 नवम्बर 2025
मध्यप्रदेश सहकारी कर्मचारी महासंघ भोपाल के आव्हान पर जिला इकाई नरसिंहपुर द्वारा आज जिले में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने “जिला प्रशासन हाय-हाय, मुर्दाबाद” के नारे लगाए और चेतावनी दी कि “अगर हमारी मांगें नहीं मानी गईं तो नहीं बटेगा राशन-पानी।”
महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बी.एस. चौहान एवं प्रदेश पदाधिकारियों के नेतृत्व में तुलसी मानस भवन, सदर मढिया प्रांगण से रैली निकाली गई, जो उपायुक्त कार्यालय एवं जिला सहकारी बैंक तक पहुंची। यहां एक दिवसीय घेराव व धरना प्रदर्शन किया गया।
मुख्य मांगें :
पैक्स कर्मचारियों के लंबित आदेशों का पालन जिले में नहीं किया गया।
समस्त पैक्स कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन लागू नहीं किया गया है।
शासन द्वारा घोषित वेतन वृद्धि का भुगतान आज दिनांक तक नहीं हुआ है।
60 प्रतिशत संस्था कर्मचारियों का चयन जिला बैंक में लंबित है।
विक्रेताओं का 18 माह का लगभग ₹54,000 भुगतान आज तक शेष है।
जिला संगठन का कहना है कि इन सभी विषयों पर कई बार ज्ञापन देने के बावजूद प्रशासन द्वारा आदेशों का पालन नहीं किया गया है। इसी क्रम में आज कर्मचारियों ने अपनी मांगों के संबंध में उपायुक्त दिनेश चौरसिया को ज्ञापन सौंपा।
महासंघ ने स्पष्ट किया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। इस आंदोलन की समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की बताई गई है।








