बस स्टैंड पर मिली नन्ही कली, पुलिस की तत्परता से बची मासूम की ज़िंदगी!”

नरसिंहपुर। 6 जनवरी 2026
नरसिंहपुर थाना स्टेशनगंज अंतर्गत न्यू बस स्टैंड स्थित रैन बसेरा के पास लावारिस अवस्था में मिली नवजात बच्ची को नरसिंहपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सुरक्षित बचा लिया। समय पर की गई पुलिस कार्रवाई से नवजात की जान बच सकी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 01 जनवरी 2026 को थाना स्टेशनगंज को सूचना मिली कि न्यू बस स्टैंड रैन बसेरा के समीप एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में पड़ी है, जिसे आवारा पशुओं एवं असामाजिक तत्वों से खतरा हो सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस स्टाफ तत्काल मौके पर पहुँचा और कपड़ों में लिपटी नवजात बालिका को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया।

पुलिस द्वारा आसपास परिजनों की तलाश की गई, किंतु कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। इसके पश्चात नवजात बच्ची को गरम कपड़ों में लपेटकर जिला अस्पताल नरसिंहपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ चिकित्सकों द्वारा उसकी जांच की गई। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची पूर्णतः स्वस्थ है। मामले की जानकारी बाल कल्याण अधिकारी एवं शिशु गृह को भी दी गई।
वर्तमान में नवजात बच्ची को शिशु गृह में सुरक्षित रखा गया है, जहाँ उसकी समुचित देखरेख की जा रही है। पुलिस द्वारा बच्ची के माता-पिता एवं परिजनों की तलाश हेतु विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो तकनीकी साधनों एवं मुखबिरों के माध्यम से लगातार जानकारी जुटा रही हैं।

अपील: नरसिंहपुर पुलिस आमजन से अपील करती है कि यदि किसी को नवजात बच्ची के माता-पिता अथवा परिजनों के संबंध में कोई जानकारी हो, तो तत्काल थाना स्टेशनगंज या नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें। आपकी सूचना से मासूम बच्ची को उसके परिवार से मिलाने में सहायता मिलेगी।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!