प्रयागराज माघ मेले की घटनाओं व भोपाल गौमांस प्रकरण को लेकर जिला कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन!!

नरसिंहपुर। 21 जनवरी 2026  प्रयागराज माघ मेले के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद जी से कथित अभद्रता, उनके शिष्यों को मौनी अमावस्या के पावन स्नान एवं घाटों पर जाने से रोके जाने तथा भोपाल में भारी मात्रा में गौमांस मिलने की घटनाओं के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा ज्ञापन सौंपा गया।
जिला कांग्रेस के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बताया कि माघ मेला एवं मौनी अमावस्या करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़ा हुआ पर्व है। ऐसे में धर्माचार्यों एवं श्रद्धालुओं के साथ कथित रूप से किए गए दुर्व्यवहार से संत समाज सहित समूचे हिंदू एवं सनातनी समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि धार्मिक आयोजनों के दौरान संत समाज एवं श्रद्धालुओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करना प्रशासन का संवैधानिक दायित्व है।
ज्ञापन में भोपाल में हाल ही में लगभग 26 टन गौमांस मिलने की खबर का भी उल्लेख करते हुए इसे अत्यंत गंभीर एवं संवेदनशील विषय बताया गया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गौमाता के प्रति आस्था रखने वाले नागरिकों के लिए यह घटना गहरी पीड़ा पहुंचाने वाली है, जिससे सामाजिक सौहार्द प्रभावित होता है।
जिला कांग्रेस ने मांग की कि प्रयागराज माघ मेले के दौरान घटी घटनाओं की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाए तथा भविष्य में धार्मिक आयोजनों के प्रति प्रशासनिक संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए। साथ ही भोपाल गौमांस प्रकरण की भी गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की गई।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता लाखन सिंह, विशाल ठाकुर, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुनीता पटेल, मैथली शरण तिवारी, रूद्रेश तिवारी, नरेंद्र राजपूत, ब्लॉक अध्यक्ष मनीष साहू, करेली ब्लॉक अध्यक्ष रामरतन सिंह, ग्रामीण ब्लॉक अध्यक्ष धनीराम पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कंछेदी पटेल, जिला जनपद सदस्य अरविंद पटेल बासनपानी, लोकेश पटेल, ठाकुर कपिल सिंह, नितिन गोयल राजा जाट, सौरभ रिछारिया, विनोद पाली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!