नरसिंहपुर। 7 जनवरी 2026
पोलखोल से बातचीत कार्यक्रम में नरसिंहपुर जिला परिवहन अधिकारी (आरटीओ) रवि बरेलिया ने अपने कार्यकाल के दौरान अनफिट वाहनों पर की गई कार्रवाई और फिटनेस प्रमाण पत्र की वर्तमान व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी दी।
आरटीओ रवि बरेलिया ने बताया कि उनकी पदस्थापना जून 2025 में नरसिंहपुर जिले में हुई थी। इसके बाद उनके द्वारा अनफिट स्कूली वाहनों, एनटीपीसी क्षेत्र में चलने वाले फ्लाई ऐश वाहनों, तथा गन्ना सीजन के दौरान चलने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहनों पर विशेष रूप से सघन जांच अभियान चलाया गया।
उन्होंने कहा कि विशेषकर दूर-दराज क्षेत्रों में चलने वाले स्कूली वाहन कई बार निर्धारित मानकों के अनुसार फिटनेस प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाते, जिस पर कड़ी निगरानी रखी गई।
आरटीओ के अनुसार, जून 2025 से वर्ष 2025 के अंत तक लगभग 150 वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें 30 से 35 अनफिट वाहनों पर कार्रवाई की गई।
फिटनेस प्रमाण पत्र को लेकर आरटीओ रवि बरेलिया ने बताया कि केंद्र सरकार के आदेश के तहत अब व्यावसायिक वाहनों जैसे बस, ट्रक व अन्य का फिटनेस प्रमाण पत्र जिले में नहीं बल्कि जबलपुर स्थित एटीएस (Automated Testing Station) से बनाया जा रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले जिले में मालवाहक एवं सवारी वाहनों के लिए फिटनेस की सुविधा उपलब्ध थी, लेकिन 5 जनवरी से जिले में किसी भी प्रकार की फिटनेस से संबंधित फीस नहीं ली जा रही है।
आरटीओ ने बताया कि प्रदेश के 42 जिलों के संभागो में फिटनेस के लिए जाना होगा , ठीक वैसे ही नरसिंहपुर जिले के वाहन मालिकों को फिटनेस के लिए संभाग जबलपुर एटीएस जाना होगा। इससे लोगों को कुछ व्यावहारिक एवं आर्थिक परेशानियाँ अवश्य होंगी, लेकिन यह व्यवस्था शासन के आदेशानुसार लागू की गई है!
*पोलखोल से बातचीत: अनफिट वाहनों पर कार्रवाई और फिटनेस व्यवस्था पर बोले आरटीओ रवि बरेलिया*!”







