नववर्ष 2026 पर नरसिंहपुर अलर्ट मोड में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात, नशे व हुड़दंग पर सख्त एक्शन 🚓✨

नरसिंहपुर।
आगामी नववर्ष 2026 के मद्देनज़र नरसिंहपुर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आमजन की सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नरसिंहपुर पुलिस द्वारा दो दिवसीय विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। जिले के चौराहों, संवेदनशील स्थानों, बाजारों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, वहीं लगातार पेट्रोलिंग भी की जा रही है।

पुलिस द्वारा नियम विरुद्ध वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों की पहचान के लिए ब्रीथ एनालाइजर से सघन जांच की जा रही है। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग सहित अन्य यातायात उल्लंघनों पर चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
नववर्ष एवं आगामी आयोजनों को ध्यान में रखते हुए जिले के सभी धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों—मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे, बाजार क्षेत्र आदि—में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या शांति भंग की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
इसके साथ ही होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें शासन-प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। होटल परिसरों में अवैध गतिविधियों, नशाखोरी एवं अनैतिक कृत्यों पर कड़ी निगरानी रखने, सीसीटीवी कैमरे, आगंतुकों का रिकॉर्ड संधारण एवं समय-सीमा के पालन पर विशेष जोर दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने आमजन से अपील की है कि नववर्ष का स्वागत शांति, सौहार्द एवं जिम्मेदारी के साथ करें। यातायात नियमों का पालन करें, नशे में वाहन न चलाएं, हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें तथा हुड़दंग, तेज आवाज में डीजे व पटाखों से बचें।

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!