नरसिंहपुर। जिला अस्पताल में दो माह पूर्व हुई युवती संध्या चौधरी हत्याकांड की गूंज स्वतंत्रता दिवस समारोह तक सुनाई दी। शुक्रवार 15 अगस्त को स्टेडियम ग्राउंड में आयोजित मुख्य समारोह के दौरान मृतका संध्या के परिजन हाथों में होर्डिंग-फ्लेक्स लेकर आरोपी को फांसी देने की मांग करते हुए अचानक कार्यक्रम स्थल पर पहुँच गए।
समारोह में प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, पूर्व मंत्री जालम सिंह पटेल, कलेक्टर शीतला पटले समेत जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसी दौरान दर्शक दीर्घा में बैठे संध्या के माता-पिता और अन्य परिजन मंत्री से मिलने की जिद करने लगे। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें मंच तक पहुँचने से रोक दिया।
परिजनों के हाथों में लगे बैनर पर साफ लिखा था, “बेटी संध्या को न्याय दो, हत्यारे को फांसी दो।” हंगामे के बीच परिजनों में शामिल एक महिला को अचानक चक्कर आने से बेहोशी छा गई। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुँचाया गया, जहाँ उनका इलाज किया गया। इस दौरान अस्पताल में भी पुलिस बल तैनात रहा।
गौरतलब है कि दो माह पूर्व जिला अस्पताल परिसर में एक सनकी युवक के द्वारा संध्या की गला रेतकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद से ही परिजन आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे हैं।









