नरसिंहपुर / 22 दिसंबर 2025
नरसिंहपुर में सत्ताधारियों की विकास की पोल पूरी तरह खुल चुकी है। शहर की हालत ऐसी हो गई है मानो कोई लावारिस शहर हो। अगर कोई इसे गोद लेना चाहता है तो आगे आए, क्योंकि न सफाई है, न सुरक्षा, न जवाबदेही।
एक ओर सफाईकर्मी हड़ताल पर हैं, महीनों से वेतन और अधिकारों के लिए जूझ रहे हैं। उनका आर्थिक शोषण जारी है, वहीं दूसरी ओर शहर गंदगी और अव्यवस्था के दलदल में धंसता जा रहा है।
हालात यहीं नहीं थमते। सीवेज लाइन निर्माण में भी भारी अनियमितता सामने आ रही है। अधिकतर स्थानों पर घटिया और गुणवत्ताहीन निर्माण के चलते मेनहोल लीकेज और जर्जर स्थिति में हैं। इसी मुद्दे को पोलखोल ने कुछ दिन पहले प्रमुखता से उठाया था।
अब ताजा मामला नरसिंहपुर के गुलाब चौराहे स्थित मेन रोड का है, जहां सीवेज लाइन का गहरा और खुला गड्ढा आम जनता के लिए मौत का न्योता बना हुआ है। जर्जर मेनहोल खुलेआम हादसे को दावत दे रहा है, मानो खुद कह रहा हो.. “मुझे बिना विशेषज्ञों की देखरेख, नौसिखियों से घटिया तरीके से बनाकर यूं ही छोड़ दिया गया।”
इस गंभीर खतरे की पोलखोल शहर के सक्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर गोलू खत्री ने की है। सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सीवेज लाइन का मेनहोल खुला और बेहद जर्जर है, जिससे किसी भी वक्त बड़ा हादसा हो सकता है।
🗣️ अब सवाल यह है..
क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना के इंतजार में है?
या फिर जिम्मेदारों की नींद तभी खुलेगी जब कोई जान चली जाएगी?
नरसिंहपुर की जनता जवाब चाहती है,
लापरवाही नहीं, जवाबदेही चाहिए।













