नरसिंहपुर/ 27 सितंबर 2025
निर्धारित मापदण्ड से अधिक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग पर
नरसिंहपुर पुलिस की सख्त कार्यवाही
जिले के पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना (भा.पु.से.) द्वारा हाल ही में जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में किए गए भ्रमण एवं जनसंवाद के दौरान आमजनों द्वारा यह शिकायतें प्राप्त हुईं कि कई स्थानों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों (जैसे डीजे आदि) का उपयोग निर्धारित मापदंड से अधिक ध्वनि स्तर पर एवं रात्रि 10 बजे के पश्चात किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों, विशेषकर विद्यार्थियों एवं बुजुर्गों को असुविधा हो रही है।
इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए, पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के समस्त थाना प्रभारियों को विशेष अभियान चलाकर कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।
अभियान के तहत की गई कार्यवाहियाँ :
• ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग को लेकर संचालकों एवं आमजन को दी गई समझाइश।
• थाना कोतवाली अंतर्गत नियम विरुद्ध ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग करने पर कार्यवाही – 10 डीजे व 10 वाहन जप्त।
• मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 208, 194 (ए) के तहत वैधानिक कार्यवाही।
• संचालकों पर 2000-2000 रूपये का जुर्माना।
नरसिंहपुर पुलिस द्वारा सभी नागरिकों से अपील :
• ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग कानून अनुसार करें।
• किसी भी आयोजन से पहले स्थानीय प्रशासन से अनुमति प्राप्त करें।
• नियमों का उल्लंघन न करें, ताकि दूसरों की शांति व स्वास्थ्य प्रभावित न हो।
👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇
👉 पुलिस उप महानिरीक्षक ने किया जिले का दौरा
• कानून व्यवस्था एवं अपराधों की समीक्षा कर दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
• त्योहारों पर विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम सुनिश्चित करने के दिए निर्देश।
पुलिस उप महानिरीक्षक रेंज छिन्दवाडा श्री राकेश कुमार सिंह द्वारा आज दिनांक 27.09.2025 को पुलिस अधीक्षक, कार्यालय में जिले की कानून व्यवस्था एवं अपराध समीक्षा की गयी। बैठक में जिले के पुलिस अधीक्षक, डॉ. ऋषिकेश मीना सहित अति. पुलिस अधीक्षक, सभी अनुभागों के एसडीओपी, उप पुलिस अधीक्षक, थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारी, रक्षित निरीक्षक एवं सभी शाखा प्रभारी उपस्थित हुये।
उक्त बैठक के दौरान पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा थानावार अपराधों की समीक्षा की गयी। समीक्षा के उपरान्त त्योहारों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
• भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, प्रमुख बाजारों, धार्मिक स्थलों तथा पर्व-उत्सवों के आयोजन स्थलों एवं जुलूस के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए।
• सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम सुनिश्चित किए जाएं।
• असामाजिक गतिविधियों या अफवाह फैलाने वालों पर सख्त नजर रखी जाएगी
सी.सी.टी.व्ही. कंट्रोल रूम का किया गया निरीक्षण :
समीक्षा बैठक के उपरान्त पुलिस उप महानिरीक्षक द्वारा सी.सी.टी.व्ही. कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर नगर में संचालित सभी कैमरों के संबंध में जानकारी ली गयी एवं निर्देश दिए गए कि नगर में लगे सभी कैमरों की मदद से अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की घरपकड में इनका उपयोग किया जावे।










