नरसिंहपुर ! 11 मार्च 2026
नरसिंहपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे “ऑपरेशन ईगल क्लॉ (Operation Eagle Claw)” के तहत बड़ी कार्यवाही करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 203 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये बताई जा रही है, जिसमें शराब लगभग 16 लाख वाहन लगभग 9 से दस लाख बताई गई ।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 मार्च की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जबलपुर की ओर से एक वाहन में भारी मात्रा में अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीओपी गोटेगांव मनीष त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर जबलपुर से आने वाले मार्गों पर सघन नाकेबंदी की गई।
नाकेबंदी के दौरान गोटेगांव बायपास रोड पर जबलपुर की ओर से आ रहे एक मिनी ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन तेज गति से नरसिंहपुर की ओर लेकर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया और घेराबंदी करते हुए धूमा तिराहे के पास ट्रक को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें रखे कार्टूनों में बड़ी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई। चालक द्वारा शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया और वाहन सहित शराब को जब्त कर थाने लाया गया।
पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी की पहचान मोनू ठाकुर निवासी परियट, जबलपुर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना गोटेगांव में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस को मामले में शिवा नामक व्यक्ति की संलिप्तता की भी जानकारी मिली है, जिसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गोटेगांव निरीक्षक प्रदीप सराफ सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों की सराहनीय भूमिका रही।








