“जन-सुरक्षा, जन-कल्याण और जागरूकता की ओर सार्थक कदम: सड़क सुरक्षा, राहत निरीक्षण, किसान सम्मान, टीबी उन्मूलन व शिक्षा अवसरों पर विशेष पहलें”!

जीवन अनमोल है, सड़क दुर्घटना से किसी भी व्यक्ति की मृत्यु नहीं होनी चाहिए
**सफर के दौरान दो पहिया वाहन में हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट जरूर लगाएं
पूर्व न्यायाधीश श्री मनोहर सप्रे ने जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश एवं सुप्रीम कोर्ट सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष अभय मनोहर सप्रे ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक ली। बैठक में उन्होंने ब्लैक स्पॉट, गति सीमा, यातायात नियमों का पालन, जागरूकता अभियान, सड़क निर्माण कार्यों के दौरान डायवर्सन मार्ग के संकेत, जेब्रा क्रॉसिंग, ब्रेकर तथा डिवाइडर सहित सड़क जागरूकता अभियान आदि के संबंध में चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगाखी डेका, अपर कलेक्टर अंजली शाह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया, संयुक्त कलेक्टर वंदना जाट, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, अन्य अधिकारी- कर्मचारी और पुलिस विभाग का अमला मौजूद थे।

पूर्व न्यायाधीश मनोहर सप्रे ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा और ट्रेफिक सुधार के क्षेत्र में भरपूर प्रयास हो। दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए प्रेरित किया जाए। जिले में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात प्रबंधन को और बेहतर बनाने का प्रयास किया जाए। उन्होंने पुलिस प्रशासन और संबंधित विभाग को आपसी समन्वय के साथ सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए। उन्होंने शराब पीकर वाहन चलाने वालों एवं नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी शासकीय कर्मचारी चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अनिवार्य रूप से करें। पूर्व न्यायाधीश मनोहर सप्रे ने जिले में पिछले 5 साल में हुई सड़क दुर्घटनाओं, ब्लैक स्पॉट चिन्हांकन एवं उनमें सुधार कार्यों, चालानी कार्रवाई, जनजागरूकता अभियानों और अन्य नवाचारों की समीक्षा की। उन्होंने सड़कों के गड्डों को भरने व सड़कों के किनारे सांकेतिक बोर्ड लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने राहवीर योजना एवं हिट एंड रन मोटरयान दुर्घटना, पीड़ित प्रतिकार योजना 2022 के तहत सड़क दुर्घटना से पीड़ित व्यक्ति की मदद करने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत करने को कहा। बैठक में सड़क दुर्घटना में दो पहिया वाहन, चार पहिया वाहन एवं अन्य वाहनों सड़क दुर्घटना में हुई मृत्यु के संबंध में समीक्षा की गई।
पूर्व न्यायाधीश श्री मनोहर सप्रे ने कहा कि हर व्यक्ति का जीवन अमूल्य है और सड़क दुर्घटना से किसी भी व्यक्ति की जान न जाए, यह सुनिश्चित करें। वाहनों की फिटनेस, बीमा सहित अन्य दस्तावेजों की नियमित रूप से जांच की जाए। सड़कों पर मानक गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने सड़कों में आवारा घूमने वाले पशुओं को गौशाला भेजने के निर्देश दिए।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇
👉 मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अतिवर्षा व बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण किया प्रदेश शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने पिछले बीते दिनों जिले में हुई अतिवर्षा तथा बाढ़ की स्थिति से प्रभावित होने वाले नरसिंहपुर विधानसभा के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों में पीड़ित नागरिकों की सुरक्षा हेतु प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण रविवार को किया। उन्होंने इस दौरान बाढ़ प्रभावित क्षेत्र ग्राम जमुनिया, खमरिया, रीछई व पिंडरई कलां के पुल- पुलियो, क्षतिग्रस्त मार्गों और मकानों का निरीक्षण किया। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने नागरिकों से अपील की कि अतिवर्षा व बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन न करें। अतिवर्षा व बाढ़ से प्रभावित नागरिकों की हर संभव मदद की जाएगी। उन्होंने ग्राम जमुनिया के मजरे-टोलों तक आवागमन के लिए पक्की सड़क बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान अतिवर्षा व बाढ़ प्रभावित लोगों की हुई नुकसान के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने मैदानी अमले को नियमित रूप से अतिवर्षा व बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और नदी- नालों पर निगरानी रखने के निर्देश दिये। अतिवर्षा व बाढ़ की स्थिति होने पर तत्काल नागरिकों को अवगत कराने को कहा, जिससे जन- माल की सुरक्षा बनी रहे। उन्होंने इस दौरान क्षतिग्रस्त सड़क मार्ग एवं पुल-पुलियों के मरम्मत करने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, राशन, सड़क मार्ग एवं पुल-पुलियों की मांग की। मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने ग्रामीणों की मांगों को पूरा करने का भरोसा दिया।

निरीक्षण के दौरान पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल, अपर कलेक्टर अंजली शाह, एसडीएम मणिन्द्र सिंह, तहसीलदार गौरीशंकर शर्मा, रामसनेही पाठक, महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद थे।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇
👉 प्रधानमंत्री ने जिले के एक लाख से अधिक हितग्राहियों को 31 करोड़ से अधिक की राशि ट्रांसर्फर की

पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 20 वीं किस्त का वितरण हुआ

जिले में हुआ लाइव का सीधा प्रसारण  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 20 वीं किस्त वितरण वाराणसी, उत्तर प्रदेश में आयोजित कार्यक्रम में जिले के एक लाख 55 हजार 266 हितग्राहियों को 2 हजार रुपये के मान से कुल 31 करोड़ 5 लाख 32 हजार रुपये की राशि का ट्रांसर्फर सीधे उनके बैंक खातों में किया। जिले में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को 20 वीं किस्त वितरण दिवस को पीएम किसान दिवस के रूप में मनाया गया। प्रधानमंत्री मोदी के उक्त कार्यक्रम का जिले में सीधा प्रसारण किया गया।

जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र नरसिंहपुर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला स्तरीय कृषि स्थाई समिति के अध्यक्ष सीताराम नामदेव, अनुविभागीय राजस्व अधिकारी मणिन्द्र सिंह, उप संचालक कृषि मोरिस नाथ, वरिष्ठ वैज्ञानिक, अन्य अधिकारी- कर्मचारी, हितग्राही और किसान मौजूद थे।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇
👉 थाना करेली के समस्त स्टाफ को टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत दिलाई शपथ
जिले में चलाया जा रहा टीबी मुक्त भारत अभियान
भारत को टीबी मुक्त बनाने के लिए वर्ष 2025 के अंत तक पूरे प्रदेश में टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। जिले में भी टीबी मुक्त भारत अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना करेली के समस्त स्टाफ को टीबी बीमारी एवं निक्षय अभियान के बारे में जानकारी दी। साथ ही उन्हें टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत थाना करेली के पुलिस स्टाफ को टीबी के लक्षण, दवाई के प्रकार, सुविधा, जांच और टीबी से संबंधित अन्य जानकारी विस्तार से बताई। यह शपथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एसएस ठाकुर, जिला क्षय अधिकारी डॉ. विनय ठाकुर, प्रभारी बीएमओ डॉ. ओम बड़ोदिया, थाना निरीक्षक प्रियंका केवट के नेतृत्व में दिलाई गई। इस दौरान ब्लॉक सीनियर टीबी सुपरवाईजर अमित चौधरी, एसआई अभिषेक जैन, करेली थाना और विभाग के अन्य अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे।

👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇👇

👉 इच्छुक विद्यार्थी वाणिज्य व विज्ञान संकाय में प्रवेश के लिए 10 अगस्त तक कर सकते हैं आवेदन

शैक्षणिक सत्र 2025- 26 के लिए नवोदय विद्यालय बोहानी में कक्षा 11 वीं में वाणिज्य संकाय के लिए 21 एवं विज्ञान संकाय में 5 इस तरह कुल 26 सीटें रिक्त हैं। वर्तमान में कक्षा 11 वीं में अध्ययरत इच्छुक छात्र इन रिक्त सीटों में प्रवेश के लिए 10 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यम से स्वीकार किए जा रहे हैं। यह जानकारी प्राचार्य जवाहर नवोदय विधालय बोहानी दी है

polkholnewz
Author: polkholnewz

Leave a Reply

error: Content is protected !!