नरसिंहपुर / 22 दिसंबर 2025
नगरपालिका नरसिंहपुर के सफाईकर्मियों की हड़ताल आज छठवें दिन में प्रवेश कर गई है। अपनी लंबित मांगों और वेतन संबंधी समस्याओं को लेकर आंदोलनरत कर्मचारियों को अब तक शासन–प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन या आधिकारिक सूचना नहीं मिली है।
नतीजतन, कर्मचारी काम पर लौटने को तैयार नहीं हैं और शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है।
लगातार कई दिनों से साफ-सफाई न होने के कारण नगर के अधिकांश इलाकों में कचरे के ढेर लग गए हैं। सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी का अंबार स्वास्थ्य संकट को न्योता दे रहा है। नागरिकों में बढ़ती नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है।
रविवार को बड़ी संख्या में युवाओं और जागरूक नागरिकों ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपना आक्रोश व्यक्त किया। लोगों ने सवाल उठाया कि जिले में मंत्री, विधायक और नगरपालिका अध्यक्ष सत्ताधारी दल से होने के बावजूद सफाईकर्मियों का वेतन और उनकी मांगें क्यों पूरी नहीं हो पा रही हैं। सोशल मीडिया पर यह भी लिखा गया कि प्रशासनिक उदासीनता के कारण पूरा शहर गंदगी में तब्दील हो गया है।
अब स्थिति यह है कि आमजन दोहरी मार झेल रहा है, एक ओर सफाई व्यवस्था ठप है, दूसरी ओर जिम्मेदारों की चुप्पी हालात को और बिगाड़ रही है।
यदि जल्द समाधान नहीं निकला, तो यह आंदोलन और शहर की स्थिति दोनों गंभीर रूप ले सकते हैं।








