भोपाल/नई दिल्ली। 13 दिसंबर 2025
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय को मिले खुफिया इनपुट के बाद उनकी सुरक्षा को और पुख्ता कर दिया गया है। इनपुट मिलते ही देर रात भोपाल और दिल्ली स्थित उनके आवासों पर सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए, जिस पर संबंधित सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी।
भोपाल के 74 बंगला क्षेत्र स्थित बी-8 आवास के चारों ओर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके साथ ही दिल्ली स्थित सरकारी आवास पर भी सुरक्षा इंतजामों को मजबूत किया गया है। शिवराज सिंह चौहान को पहले से ही Z+ श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है, इसके बावजूद एहतियातन अतिरिक्त सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।
सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा बढ़ाए जाने का स्पष्ट कारण सार्वजनिक नहीं किया गया है, लेकिन गृह मंत्रालय को मिले खुफिया इनपुट को गंभीर मानते हुए यह निर्णय लिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और किसी भी संभावित खतरे को लेकर सतर्कता बरती जा रही है।
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्रियों की सुरक्षा व्यवस्था समय-समय पर खुफिया आकलन के आधार पर अपडेट की जाती है। इसी कड़ी में शिवराज सिंह चौहान की सुरक्षा को लेकर यह कदम उठाया गया है!








