नरसिंहपुर। 30 दिसंबर 2025
ऑपरेशन मुस्कान के तहत नरसिंहपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। थाना सुआतला क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग बालिकाओं को पुलिस ने सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है।
पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बालिका को कानपुर (उत्तर प्रदेश) से तथा दूसरी को नरसिंहपुर से सुरक्षित बरामद किया गया।
जानकारी के अनुसार, थाना सुआतला में पृथक-पृथक रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी, जिसमें 14 वर्षीय एवं 15 वर्षीय नाबालिग बालिकाओं के घर से बिना बताए चले जाने की सूचना दी गई थी। परिजनों ने शंका व्यक्त की थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बालिकाओं को बहला-फुसलाकर ले जाया गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सुआतला की दो विशेष टीमों का गठन किया और बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के निर्देश दिए। पुलिस टीमों ने तकनीकी संसाधनों, स्थानीय सूचनाओं एवं मुखबिर तंत्र के माध्यम से लगातार पतासाजी की।
लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने एक नाबालिग बालिका को कानपुर (उत्तर प्रदेश) से तथा दूसरी को नरसिंहपुर क्षेत्र से दस्तयाब किया। दस्तयाबी के बाद दोनों बालिकाओं को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिवारों ने राहत की सांस ली।
इस सराहनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी सुआतला निरीक्षक प्रियंका केवट, सहायक उप निरीक्षक जागेश्वर सिंह, प्रधान आरक्षक आसिम हुसैन, आरक्षक राजेश यादव, प्रधान आरक्षक चालक जितेंद्र पटेल, महिला आरक्षक वर्षा तथा सैनिक विनोद चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नरसिंहपुर पुलिस की इस कार्रवाई से एक बार फिर यह स्पष्ट हुआ है कि ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस नाबालिगों की सुरक्षा और परिवारों की खुशियां लौटाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।








