नरसिंहपुर / 9 जनवरी 2026
नरसिंहपुर जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार पर पूर्णतः अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीणा के दिशा-निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप भूरिया एवं एसडीओपी मनोज गुप्ता के मार्गदर्शन में संपूर्ण जिले में विशेष अभियान “OPERATION EAGLE CLAW” निरंतर प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है।
इसी अभियान के अंतर्गत थाना करेली पुलिस को अवैध शराब के विरुद्ध बड़ी सफलता हाथ लगी है।
दिनांक 08/01/2026 को जुर्म-जरायम की पतारसी एवं पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक थार वाहन (क्रमांक MP 04 CP 9399) अवैध शराब लेकर गाडरवारा से नरसिंहपुर की ओर आ रहा है। सूचना की तस्दीक हेतु पुलिस टीम ने ड्रीम लैंड सिटी के सामने मेन रोड पर घेराबंदी की।
जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किया गया, परंतु चालक वाहन को तेजी से ड्रीम सैंड सिटी की ओर मोड़कर भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए लगभग 200 मीटर के भीतर घेराबंदी कर वाहन को पकड़ लिया।
वाहन चालक ने अपना नाम सुरेन्द्र लोधी, पिता भगवान सिंह लोधी, उम्र 30 वर्ष, निवासी केरपानी थाना सुआतला (हाल निवासी रेवानगर कॉलोनी नरसिंहपुर) बताया, वहीं उसके साथ बैठे व्यक्ति ने अपना नाम सलीम खान, पिता महबूब खान, उम्र 22 वर्ष, निवासी मुशरान वन, थाना कोतवाली नरसिंहपुर बताया।
वाहन की तलाशी लेने पर थार गाड़ी से 44 पेटी अवैध देशी मदिरा मसाला बरामद की गई, जिसमें कुल 2200 पाव (396 लीटर) 44 पेटी अवैध शराब पाई गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध थाना करेली में अपराध क्रमांक 27/2026, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।








