नरसिंहपुर।24 जनवरी 2026 राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर शासकीय नर्सिंग महाविद्यालय, नरसिंहपुर में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा उनके मानसिक, शैक्षणिक और आत्मिक सशक्तिकरण को बढ़ावा देना रहा!
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता ब्रह्माकुमारी प्रीति दीदी ने अपने ओजस्वी संबोधन में कहा कि बेटियाँ समाज और राष्ट्र का मजबूत आधार हैं। उनकी शिक्षा के साथ जब संस्कार और आत्मिक जागृति जुड़ती है, तभी राष्ट्र का वास्तविक उत्थान संभव है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बालिकाओं को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि आत्मिक शक्ति और राजयोग के माध्यम से आत्मविश्वास भी विकसित करना आवश्यक है, ताकि वे समाज को सकारात्मक दिशा दे सकें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शारदा नागवंशी ने की। उन्होंने बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए नर्सिंग क्षेत्र में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और सेवा भाव को रेखांकित किया। उप-प्राचार्य नीलम राजपूत ने छात्राओं को अनुशासन, समर्पण और मानव सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। सभी वक्ताओं ने एक स्वर में बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सर्वांगीण विकास पर बल दिया।








